
दिल्ली: क्राइम ब्रांच अन्तर्राज्य प्रकोष्ठ द्वारा गठित एक टीम ने तकनीकी सर्विलेंस के आधार पर राजपुर खुर्द छतरपुर में दबिश कर एटीएम फ्रॉड गिरोह के सरगना को गिरफ्तार कर 5 मामलों की गुत्थी सुलझाई एवं 50 से भी अधिक मामलों का खुलासा हुआ । अभियुक्त का नाम राजकुमार भारती है एवं वह बुद्ध गया बिहार का रहने वाला है । उसके दो साथी पिंटू कुमार एवं रौशन कुमार पुलिस हिरासत में हैं । जिनकी निशानदेही पर यह गिरफ्तारी हुई । इन लोगों ने पश्चिम विहार के वरिष्ठ नागरिक को एक्सिस बैंक एटीएम पर अपना शिकार बनाया और उनसे 35000 रुपये एवं एटीएम कार्ड लेकर चंपत हो गए । घटनाक्रम की पश्चिम विहार ई थाने में गत 27 सितंबर को ई एफ़आईआर दर्ज किए जाने पर पुलिस हरकत में आई ।
इनके द्वारा शिकार हुए 22 लोगों की जानकारी पुलिस को मिल चुकी है । जिनमें ज्यादातर भोले-भाले बुजुर्ग नागरिक हैं । ये लोग एटीएम के कार्ड स्लॉट में चिपकने वाला पदार्थ लगा देते थे और एक फर्जी हेल्पलाइन नंबर चिपका देते थे । स्लॉट में डालने पर कार्ड चिपकने वाले पदार्थ के कारण एटीएम के अंदर फँस जाता था । कार्ड धारक मदद के लिए नंबर पर संपर्क करता था जो कि नकली होता था । ये कार्ड धारक को बहला फुसला कर पिन नंबर की जानकारी हासिल कर मौका देखकर एटीएम कार्ड से पैसे निकालकर कार्ड सहित चंपत हो जाते थे । वारदात के समय पहने हुए कपड़े एवं जूते एवं इस्तेमाल किया गया मोबाइल नंबर पुलिस ने कब्जे में ले लिया है ।
अभियुक फिलहाल हिरासत में हैं एवं मामले पर तहक़ीक़ात जारी है ।