राजस्थान के देशनोक, बीकानेर और जोधपुर में होगी कर्णिका की शूटिंग

दिल्ली: माँ करणी के 639वें जन्मोत्सव के पावन अवसर पर भूषण कुमार की टी-सीरीज़ और राज शांडिल्य की कथावाचक फिल्म्स ने अपनी आगामी फिल्म ‘कर्णिका’ की घोषणा की है। राजस्थान की सबसे पूजनीय देवियों में से एक माँ करणी की आध्यात्मिक विरासत पर आधारित यह फिल्म उनकी जीवनगाथा को एक प्रभावशाली सिनेमाई रूप में बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करेगी। यह घोषणा शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर की गई है, जो इसे और भी विशेष बनाती है। नवरात्रि के सातवें दिन माँ करणी का जन्मोत्सव मनाया जाता है। ऐसे शुभ अवसर पर फिल्म की घोषणा आस्था, श्रद्धा और भक्ति से जुड़ी इस कहानी की एक मंगलमय शुरुआत है।
‘कर्णिका’ के माध्यम से माँ करणी की असाधारण जीवनगाथा और उनकी गौरवशाली विरासत को बड़े पर्दे पर जीवंत किया जाएगा। उनके भक्त उन्हें हिंगलाज माता का अवतार मानते हैं। 14वीं शताब्दी की संत-योद्धा के रूप में स्मरण की जाने वाली माँ करणी का जीवन साहस, आध्यात्मिक ज्ञान और अटूट आस्था का प्रतीक रहा है। फिल्म की शूटिंग राजस्थान के देशनोक, बीकानेर और जोधपुर में की जाएगी। ये स्थान माँ करणी की विरासत और उनसे जुड़ी मान्यताओं के लिए विशेष महत्त्व रखते हैं। फिल्म की शूटिंग वर्ष 2027 की शुरुआत में शुरू होने वाली है और इसे उसी वर्ष रिलीज़ करने का लक्ष्य रखा गया है। फिल्म की कास्ट और निर्देशक को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इससे जुड़ी अन्य जानकारियाँ उचित समय पर साझा की जाएँगी।
गुलशन कुमार और टी-सीरीज़ प्रस्तुत करते हैं, कथावाचक फिल्म्स के बैनर तले निर्मित फिल्म ‘कर्णिका’। फिल्म के निर्माता भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, राज शांडिल्य, विमल लाहोटी और निरंजन मुंधड़ा हैं।
06:24 pm 18/10/2026