दिल्ली: पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर निशाना साधते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ.संबित पात्रा ने कहा कि पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी रणबीर सिंह गुमान और उनके करीबी लोगों पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों की सीबीआई जांच के निर्देश दिए हैं। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने विगत 48 घंटों में पंजाब में चार हत्याओं और पुलिसकर्मियों पर हुए हमलों का उल्लेख करते हुए भगवंत मान, अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी से भ्रष्टाचार तथा कानून-व्यवस्था पर जवाब मांगा।
उन्होंने कहा कि पंजाब में भगवंत मान और आम आदमी पार्टी की सरकार को लेकर कोर्ट में एक बड़ा डेवलपमेंट हुआ है। पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस अश्विनी कुमार मिश्रा और जस्टिस रोहित कपूर की खंडपीठ ने एक पीआईएल पर निर्णय दिया है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी और उनके करीबी लोगों पर ईडी द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों के विषय में सीबीआई जांच होनी चाहिए। पंजाब के मुख्यमंत्री, आप के नेता और अरविंद केजरीवाल के खास भगवंत मान के ओएसडी और उनके खास लोगों द्वारा जिस प्रकार का घोटाला किया जा रहा था, उस पर आज पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने सीबीआई जांच को आगे बढ़ाने के साथ-साथ यह भी कहा गया है कि सीबीआई दो महीने, यानी लगभग 60 दिनों के अंदर जांच पूरी करे और अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करे।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा पहले से ही कहती आ रही थी कि पंजाब में चाहे कानून-व्यवस्था हो या भ्रष्टाचार, सब कुछ चरम पर पहुंचा हुआ है। कानून-व्यवस्था चरमराई हुई है और भ्रष्टाचार अपने चरम पर पहुंच चुका है। जो बात भाजपा कह रही थी, उसका पुष्टिकरण स्वयं उच्च न्यायालय ने किया है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के खास रणबीर सिंह गुमान उनके ओएसडी हैं। उन पर आरोप लगा था कि वह और उनके कुछ अन्य अधिकारी बिचौलियों का काम करते हैं। अर्थात, सरकार की ओर से मिलने वाले लाभों को कुछ रकम, ब्राइबरी या रिश्वत लेकर लोगों तक किस प्रकार पहुंचाया जाए और बिजनेस इंटरेस्ट के बीच बिचौलिये का काम किया गया, इन सभी विषयों को लेकर एडवोकेट निखिल शराफ ने पंजाब के उच्च न्यायालय में पीआईएल दाखिल की थी। उस पर आज न्यायालय ने सीबीआई जांच के लिए कहा है। अरविंद केजरीवाल, आम आदमी पार्टी और भगवंत मान को इस पर सफाई देनी चाहिए कि आखिर कितना घोटाला हुआ है, उनके खुद के सचिव इसमें कितने लिप्त हैं और खुद के सचिव, अर्थात वे स्वयं, किस प्रकार के भ्रष्टाचार और किस प्रकार के घोटाले कर रहे हैं।
जहां तक कानून-व्यवस्था का विषय है, जब से आम आदमी पार्टी की सरकार आई है, पंजाब में किस प्रकार की कानून-व्यवस्था है, यह सभी को पता है। मगर विगत 48 घंटों के अंदर पंजाब में जिस प्रकार की कानून-व्यवस्था रही है, उसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि केवल 48 घंटे में चार-चार हत्याएं हुई हैं। कल पंजाब के काफी जाने-माने सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू की अमृतसर में लोहारका रोड पर लगभग 6 बजे के आसपास हत्या कर दी गई। पंजाब के लुधियाना में 48 घंटों के अंदर तीन हत्याएं हुई, जिसमें एक पूर्व सरपंच की हत्या भी शामिल है। शनिवार शाम को मालेवाल गांव के सरपंच नवतेज सिंह की हत्या कर दी गई। दूसरी हत्या मुल्लांपुर दाखा गांव के 29 वर्षीय लाड्डी खान की हुई, जिनकी गोली मारकर हत्या की गई। इसी प्रकार, तीसरी हत्या साहनेवाल में अनंत विहार कॉलोनी, लुधियाना के 35 वर्षीय दिनेश कुमार की हुई, जिनकी चाकू घोंपकर हत्या की गई।