राजनाथ सिंह एवं बांसुरी स्वराज श्री जगन्नाथ रथ यात्रा में शामिल
.jpeg)
दिल्ली: केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज नई दिल्ली के त्यागराज नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर द्वारा आयोजित भगवान श्री जगन्नाथ की पावन रथयात्रा में सांसद सुश्री बांसुरी स्वराज के साथ सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं देवी सुभद्रा की पूजा-अर्चना कर राष्ट्र की समृद्धि, शांति, प्रगति तथा सभी नागरिकों के सुख-समृद्ध जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा भारत की सनातन सांस्कृतिक परंपरा, सामाजिक समरसता एवं लोककल्याण की भावना का प्रतीक है। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता, सद्भाव और सेवा के मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं तथा हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने सभी श्रद्धालुओं एवं देशवासियों को रथयात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद समस्त देशवासियों पर बना रहे तथा भारत निरंतर विकास, समृद्धि और वैश्विक नेतृत्व के पथ पर अग्रसर रहे।सांसद सुश्री बांसुरी स्वराज ने कहा कि श्री जगन्नाथ रथयात्रा भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक समरसता का महापर्व है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ सेवा, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता के मूल्यों को भी सुदृढ़ करते हैं।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्री रविन्द्र चौधरी, प्रदेश प्रवक्ता श्री यासिर जिलानी, विधायक श्री नीरज बसोया, निगम पार्षद श्रीमती अनीता बसोया सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा पूरे वातावरण में भक्ति और श्रद्धा का भाव व्याप्त रहा।
05:42 pm 16/07/2026