खड़गे के आवास पर प्रदर्शन के दौरान हर्ष मल्होत्रा, राजेश भाटिया, मोहनलाल गिहारा सहित 200 कार्यकर्ता हुए डिटेन

दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा कल पटना में एक मीटिंग में बोलते हुए प्रधान मंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के स्वर्गीय पिता जी का अपमान करने के विरोध में दिल्ली प्रदेश भाजपा ने आज राजा जी मार्ग स्थित मल्लिकार्जुन खड़गे के निवास के पास विशाल विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश महामंत्री मोहनलाल गिहारा द्वारा संचालित प्रदर्शन में वरिष्ठ नेताओं के सम्बोधन पश्चात भाजपा कार्यकर्ताओं ने मल्लिकार्जुन खड़गे के निवास की ओर नारे लगाते हुए मार्च प्रारम्भ किया तो पुलिस ने कुशक रोड़ मोड़ पर बैरिकेड्स लगा कर रोकने का प्रयास किया जिसे तोड़ कर कार्यकर्ता आगे बढ़े तो सेना भवन के पास भारी पुलिस बल ने उन्हे बलपूर्वक रोका और वहां से प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा सहित लगभग 200 वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को डिटेन करके 5 बसों में मंदिर मार्ग थाने ले गई।
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष के नेतृत्व एवं प्रदेश प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे की उपस्थिती में दिल्ली भाजपा के पूर्वांचल, युवा एवं ओ.बी.सी. मोर्चा के लगभग 2000 कार्यकर्ता राजा जी मार्ग परञ स्थित सेना भवन के पास एकत्र हुए और वहां उन्हे पार्टी नेताओं ने सम्बोधित किया। प्रदर्शन को प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश भाटिया, महामंत्री मोहनलाल गिहारा, संयुक्त मोर्चा प्रभारी सुमित भसीन, मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर, पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष संतोष ओझा, युवा मोर्चा अध्यक्ष ओ.बी.सी.मोर्चा अध्यक्ष संतोष पाल, प्रदेश मंत्री रोहित चहल, मोर्चा प्रभारी एवं सह प्रभारी विपिन बिहारी सिंह, बृजेश राय, आजाद सिंह आदि और कार्यालय मंत्री कैलाश जैन आदि ने सम्बोधित किया ।
मल्लिकार्जुन खड़गे, जो कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष हैं, उनके द्वारा प्रधानमंत्री जी के पिताजी के लिए अभद्र शब्दों का प्रयोग किया गया। उसी बात को लेकर हम आज खड़गे साहब के घर पर आए हैं और उनसे यह कहने आए हैं कि प्रधानमंत्री केवल भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नहीं हैं, बल्कि वे पूरे विश्व के शीर्ष नेताओं में से एक हैं और भारत के प्रधानमंत्री हैं। खड़गे साहब को उनके द्वारा की गई टिप्पणी के लिए माफी मांगनी होगी। उन्होंने कहा कि पूरी कांग्रेस पार्टी, चाहे वह राहुल गांधी हों या कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सभी हताश हो चुके हैं। लगातार चुनावों में हार के कारण इन्हें समझ में नहीं आ रहा है कि इन्हें क्या करना है। ये हर समय अराजकता के दौर में आ जाते हैं और किसी कानून को नहीं मानने वाले लोग हैं।
ये सुप्रीम कोर्ट के बाहर धरना - प्रदर्शन करना चाहते हैं, रैली निकालकर सुप्रीम कोर्ट के अंदर जाने का प्रयास करते हैं और कभी संसद के दरवाजे तक पहुंच जाते हैं। ये किसी भी संवैधानिक संस्था और देश के कानून को नहीं मानने वाले लोग हैं। श्री मल्होत्रा ने कहा कि कुछ महीने पहले इन्होंने दिल्ली को बंद करने का प्रयास किया, जिससे दिल्ली का पूरा व्यापार प्रभावित हुआ। आज भी बिना कानून की परवाह किए लगातार दिल्ली में, कनॉट प्लेस सहित विभिन्न स्थानों पर कानून तोड़ते हुए धरना-प्रदर्शन करने की कोशिश कर रहे हैं। उपद्रवी और अराजक तत्वों को लेकर ये प्रयास कर रहे हैं कि दिल्ली और देश में अराजकता फैलाई जाए।
इनकी हताशा इसलिए भी बढ़ती जा रही है क्योंकि जनता इनके साथ नहीं है। इनके अपने लोग, इनके अपने कार्यकर्ता और जब उपचुनावों के परिणाम आते हैं और कांग्रेस तथा विपक्षी दल उसमें भी हारते हैं, तो इनकी हताशा और बढ़ जाती है। जब इनकी अपनी सभा में मल्लिकार्जुन खड़गे बोल रहे होते हैं और वहां जनता यह कहती है कि “मोदी जी का कुछ नहीं कर सकते तुम, मोदी जी के बारे में बोलना बंद करो”, तो उनकी हताशा और बढ़ती है और वे प्रधानमंत्री जी के पिताजी के बारे में अपशब्द बोलते हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उनका यह अपमान न केवल भारतीय जनता पार्टी, बल्कि देश और दिल्ली की जनता बिल्कुल सहन नहीं करेगी। आज मल्लिकार्जुन खड़गे के इस निराशाजनक प्रदर्शन के विरोध में हमारे युवा मोर्चा के साथी यहां आए हैं और मल्लिकार्जुन खड़गे से यह कहने आए हैं कि आपको माफी मांगनी होगी।श्री मल्होत्रा ने कहा की जब तक मल्लिकार्जुन खड़गे माफी नहीं मांगेंगे, हमारा यह आंदोलन, हमारा यह धरना-प्रदर्शन लगातार चलता रहेगा और जहां-जहां मल्लिकार्जुन खड़गे जाकर बात करेंगे, वहां देश की जनता और भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता उनसे जवाब मांगेगा।
दिल्ली भाजपा के प्रभारी ने अपने सम्बोधन में कहा कि हमारे लाड़ले नेता, माननीय प्रधानमंत्री केवल भाजपा के प्रधानमंत्री नहीं हैं, बल्कि वे पूरे देश के प्रधानमंत्री हैं। इसलिए हमारा नारा भी होना चाहिए—“प्रधानमंत्री जी का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान।” आज का यह प्रदर्शन जनता के अंदर की उस तीव्र भावना, लोगों के मन में व्याप्त संताप और उद्वेलित जनमानस का प्रकटीकरण है।
04:38 pm 26/10/2026