रसोई गैस सिलेंडर के लिए एजेंसियों के बाहर लंबी लाईने लगना इतिहास में पहली बार: देवेन्द्र यादव
दिल्ली: देश भर में रसोई गैस सिलेंडर की कमी, उनकी दरों में वृद्धि और उसके कारण कमरतोड़ महंगाई के खिलाफ दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव के आदेश पर आज दिल्ली भर की 258 ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों में गैस एजेंसियों के बाहर हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए गैस सिलेंडरों को पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराकर बढ़ी दरों को तुरंत वापस लेने की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने कहा कि आर्थिक तंगी और कमरतोड़ महंगाई की मार झेल रही जनता पर घरेलू गैस प्रति सिलेंडर के दामों में 60 रुपये की बढ़ोत्तरी और प्रति कमर्शियल गैस सिलेंडर पर 115 रुपये बढ़ाकर अतिरिक्त आर्थिक बौझ तले दबा दिया और रसोई गैस सिलेंडर की भारी किल्लत के चलते लोगों को परेशनियों का सामना करना पड़ रहा है । उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा की बढ़ोत्तरी के बाद राजधानी दिल्ली में प्रति घरेलू सिलेंडर अब 913 रुपये और कर्मिशयल सिलेंडर 1883 में मिलेगा।
रसोई गैस सिलेंडर के लिए एजेंसियों के बाहर लंबी लाईने लगना इतिहास में पहली बार भाजपा के शासन में हुआ है और सिलेंडर की भारी किल्लत के चलते ब्लैक में 3000 रुपये तक वसूले जा रहे है। उन्होंने कहा कि शादी ब्याह का सीजन चल रहा है जिसके लिए लोगों को सिलेंडर नही मिल रहे है। उन्होंने कहा कि घरों में सिलेंडर खत्म होने के बाद लोग तनाव की स्थिति में है। लोगों के घरों में सिलेंडर न होने की वजह से खाना बनाने के लिए ईंधन का संकट पैदा हो चुका है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष के दिशा निर्देश पर कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन एवं पूर्व विधायक अनिल भारद्वाज ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ आराम बाग, रानी झांसी रोड़, गैस वितरण सेंटर के बाहर विरोध प्रदर्शन करके पैदल मार्च निकाला, जिसकी शुरुआत अम्बेडकर भवन से की। श्री अनिल भारद्वाज ने कहा के सरकार को घरेलू गैस सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करवा कर लंबी लंबी लाइनों को खत्म करके प्रति सिलेंडर के दाम तुरंत कम करने चाहिए ताकि दिल्ली के लोगों को राहत मिल सके ।
प्रदर्शनों में कार्यकर्ता हाथों में नारे तख्तियां लिए मंहगी गैस बंद करो, जनता को राहत दो, गैस के बढ़े दाम, वापस लो-वापस लो आदि नारे लगा रहे थे। सभी 14 जिला कांग्रेस कमेटियों के अंतर्गत 258 ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों में आयोजित विरोध प्रदर्शनों में कांग्रेस नेता, पूर्व विधायक, निगम पार्षद, पूर्व निगम पार्षद, जिला एवं ब्लाक अध्यक्ष, पदाधिकारी, मंडलम अध्यक्ष, सैक्टर इंचार्ज, लोकसभा, जिला और विधानसभा आर्ब्जवर सहित क्षेत्रीय कार्यकर्ता और क्षेत्रीय निवासियों ने भी हिस्सा लिया।
07:05 pm 12/03/2026