
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने घोषणा की है कि गुरु साहिबानों द्वारा श्री गुरु ग्रंथ साहिब में दर्ज रागों के अनुसार पारंपरिक कीर्तन करने वाले रागी सिंहों में से हर वर्ष एक को शिरोमणि रागी अवॉर्ड प्रदान किया जाता है। इसी परंपरा के तहत इस वर्ष यह सम्मान डॉ. गुरनाम सिंह को देने का निर्णय लिया गया है।आज आयोजित प्रेस वार्ता में कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका, महासचिव सरदार जगदीप सिंह काहलों तथा धर्म प्रचार कमेटी के प्रमुख सरदार जसप्रीत सिंह करमसर ने बताया कि पिछले वर्ष कमेटी ने यह निर्णय लिया था कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब में वर्णित रागों के अनुसार पारंपरिक कीर्तन की परंपरा को आगे बढ़ाने वाले श्रेष्ठ रागी सिंहों में से प्रत्येक वर्ष एक का चयन किया जाएगा। इस सम्मान के साथ 11 लाख रुपये की पुरस्कार राशि भी प्रदान की जाती है। इसके लिए हर वर्ष एक स्वतंत्र चयन समिति का गठन किया जाता है।