गुरुद्वारा बंगला साहिब में कड़ाह प्रसाद की पर्ची के लिए शुरू की ऑटोमैटिक सेल्फ-सर्विस मशीन

दिल्ली: सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा श्री गुरु हरिकृष्ण साहिब जी की चरण छोह प्राप्त ऐतिहासिक स्थान गुरुद्वारा बंगला साहिब में संगत की सुविधा के लिए एक ऑटोमैटिक सेल्फ-सर्विस मशीन स्थापित की गई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका और महासचिव सरदार जगदीप सिंह काहलों ने बताया कि इस मशीन की शुरुआत हेड ग्रंथी ज्ञानी रणजीत सिंह द्वारा अरदास करने के उपरांत की गई। उन्होंने बताया कि यह मशीन एक्सिस बैंक द्वारा स्थापित की गई है और इसमें लगे क्यूआर कोड के माध्यम से संगत कड़ाह प्रसाद की पर्ची आसानी और सुविधाजनक तरीके से प्राप्त कर सकेगी।
उन्होंने कहा कि संगत की बेहतर सेवा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह मशीन स्थापित की गई है। गुरुपर्व के दिनों और छुट्टियों के दौरान बड़ी संख्या में संगत गुरु घर में नतमस्तक होने के लिए पहुंचती है। ऐसे में यह मशीन संगत के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी और उन्हें कड़ाह प्रसाद की पर्ची प्राप्त करने के लिए लाइन में लगने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले समय में दिल्ली के अन्य गुरु घरों में भी इस प्रकार की मशीनें स्थापित की जाएंगी। इस अवसर पर उन्होंने एक्सिस बैंक के अधिकारियों का विशेष रूप से धन्यवाद किया, जिनके प्रयासों से यह मशीन स्थापित की गई है।
06:15 pm 08/09/2026