
दिल्ली: मॉनसून और त्योहारी सीजन के दौरान राजधानी में जगह-जगह चल रही सड़कों की खुदाई और निर्माण कार्यों को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने दिल्ली सरकार पर तीखा हमला बोला कहा कि मानसून के बीच दिल्ली में जगह-जगह सड़कों और नालियो की खुदाई कर उन्हें अधूरा छोड़ दिया गया है, जिसके कारण बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो रहा है और आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा सरकार की लापरवाही के कारण लोगों को जलभराव, ट्रैफिक जाम, टूटी सड़कों और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है। कई जगह सड़क, नालों व गलियों में नालियो का निर्माण अधूरा पड़ा है, जबकि बारिश का पानी सड़कों और गलियों से होते हुए लोगों के घरों और दुकानों तक पहुंच रहा है।
त्योहारी सीजन में बाजारों और प्रमुख मार्गों पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है, लेकिन सरकार की बिना उचित योजना के की जा रही खुदाई के कारण यातायात जाम, धूल-मिट्टी, जलभराव और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। कई स्थानों पर खुदाई के बाद सड़कों की समय पर मरम्मत नहीं होने से स्थानीय निवासियों, दुकानदारों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि नालों और सड़कों का काम मानसून से पहले पूरा किया जाना चाहिए था, लेकिन भाजपा सरकार ने समय रहते काम पूरा करने के बजाय बारिश के मौसम में ही खुदाई शुरू कर दी। कई जगह खुले और अधूरे नाले हादसों को न्योता दे रहे हैं।
मॉनसून के दौरान सड़क और नालियों की खुदाई करना भाजपा सरकार की कार्यशैली और कुप्रबंधन को दर्शाता है। यदि विकास कार्य आवश्यक हैं तो उनकी योजना मौसम और त्योहारों को ध्यान में रखकर पहले से बनाई जानी चाहिए थी, ताकि जनता को अनावश्यक परेशानी न हो।
उन्होंने सरकार को तत्काल सभी अधूरी सड़कों और नालों का काम पूरा करना चाहिए, खुले गड्ढों को सुरक्षित करना चाहिए और जलभराव वाले क्षेत्रों में युद्धस्तर पर जल निकासी की व्यवस्था करनी चाहिए तथा राजधानी की जनता को घोषणाएं नहीं, बल्कि जलभराव से स्थायी राहत और सुरक्षित सड़कें चाहिए। उन्होंने कहा कि मानसून हर साल आता है, लेकिन अपनी पूर्वर्ती आम आदमी पार्टी की सरकार की तरह भाजपा सरकार की तैयारी हर साल गायब रहती है—दिल्ली की जनता अब इस लापरवाही का खामियाजा भुगत रही है