
दिल्ली: शिरोमणि अकाली दल दिल्ली के अध्यक्ष परमजीत सिंह सरना ने पाकिस्तान के राजदूत साद अहमद वड़ैच से मुलाकात कर गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक गुरुधामों के दर्शन के लिए जाने वाली संगत को अधिक से अधिक वीज़े जारी करने की मांग की। सरना ने कहा कि संगत में गुरु साहिब की जन्मभूमि ननकाना साहिब सहित पाकिस्तान के ऐतिहासिक गुरुधामों के दर्शन-दीदार करने को लेकर भारी उत्साह है। इसलिए जो भी श्रद्धालु श्रद्धा और आस्था के साथ वीज़ा आवेदन करता है, उसे बिना किसी अनावश्यक रुकावट के वीज़ा जारी किया जाना चाहिए, ताकि वह गुरु साहिब की पावन जन्मभूमि से जुड़ने का अवसर प्राप्त कर सके।