
दिल्ली: एमसीडी सदन में महिला पार्षदों को भेड़-बकरी कह कर अपमानित करने को लेकर आम आदमी पार्टी के निगम पार्षदों ने दिल्ली के मेयर राजा इकबाल सिंह से की इस्तीफा की मांग। महिलाओं के लिए अपमान जनक शब्दों का इस्तेमाल करने पर ‘‘आप’’ पार्षदों ने सदन के अंदर जमकर हंगामा किया । एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि मेयर ने ‘‘आप’’ की महिला पार्षदों को भरे सदन में भेड़ बकरी कहकर संबोधित किया। यह बहुत ही शर्मनाक है और इससे पूरे देश की आधी आबादी का अपमान हुआ है। हमारी मांग है कि भाजपा अपने मेयर से तत्काल इस्तीफा ले। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ दिखाने के लिए महिलाओं के सम्मान की बात करती है, लेकिन असल में वह महिलाओं को भेड़ बकरी ही समझती है।
आज सिविक सेंटर स्थित एमसीडी मुख्यालय में मीडिया से रूबरू होकर अंकुश नारंग ने कहा कि आज सदन की कार्रवाई के दौरान दिल्ली के प्रथम नागरिक माने जाने वाले महापौर ने महिला पार्षदों को भेड़-बकरी कहा, जो बेहद शर्मनाक है। महापौर के इस अमर्यादित व्यवहार के कारण सदन की कार्यवाही को स्थगित करना पड़ा। एक तरफ भाजपा बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ का नारा देती है, वहीं दूसरी तरफ उन्हीं के महापौर महिला पार्षदों को भेड़-बकरी कहकर संबोधित करते हैं। यह बहुत ही शर्म की बात है।
भाजपा के महापौर दिल्ली की जनता और उन महिलाओं को भेड़-बकरी कह रहे हैं, जो दिल्ली की आधी आबादी हैं। यह उन महिलाओं का अपमान है, जिन्होंने लोकतंत्र में भागीदारी निभाते हुए विधानसभा और संसद में अपने प्रतिनिधि चुनकर भेजे हैं। सदन के अंदर महापौर के पद की गरिमा सबसे अधिक होती है। दिल्ली ही नहीं, पूरा हिंदुस्तान एमसीडी की कार्यवाही को देखता है। ऐसे संवैधानिक पद पर बैठकर इस तरह का संबोधन करना अत्यंत निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि महापौर राजा इकबाल सिंह को तुरंत प्रभाव से अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। यदि वे इस्तीफा नहीं देते हैं, तो भाजपा को उन्हें तुरंत पद से हटा देना चाहिए। अगर भाजपा सच में महिलाओं का सम्मान करती है, तो उसे तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। इसके साथ ही राजा इकबाल सिंह को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए कि उन्होंने महिलाओं को भेड़-बकरी कहकर संबोधित किया है। भाजपा और मेयर राजा इकबाल सिंह को शर्म आनी चाहिए। ये लोग मीडिया के सामने तो महिलाओं के सम्मान की बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन असलियत में महिलाओं को भेड़-बकरी समझते हैं।
वहीं, एमसीडी सह-प्रभारी प्रीति डोगरा ने कहा कि आज एमसीडी सदन में भाजपा के मेयर राजा इकबाल सिंह ने महिलाओं को भेड़-बकरी कहा, जो अत्यंत निंदनीय है। यह लोकतंत्र में पूरे भारतवर्ष की हर महिला का अपमान है। यह घटना भाजपा की महिलाओं के प्रति सोच को उजागर करती है कि वे महिलाओं के बारे में कैसी मानसिकता रखते हैं। यह वही भाजपा है जो बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा देती है, लेकिन इन्हीं के नेता आए दिन ऐसे कारनामे करते हैं जिससे महिलाएं अपमानित होती हैं।उन्होंने बताया कि जब आम आदमी पार्टी की महिला पार्षद अपनी आवाज उठाने के लिए मेयर से मिलने पहुंचीं, तो उन्होंने एक बार फिर महिलाओं को अपमानित किया। मेयर अपने ऑफिस का दरवाजा बंद करके अंदर छुप गए और बाहर पुरुष सुरक्षाकर्मियों को खड़ा कर दिया ताकि महिलाएं उनसे मिल न सकें। यह भाजपा की गंदी राजनीति और डरपोक रवैये को उजागर करता है।
“आप” पार्षद व स्टैंडिंग कमेटी की सदस्य रविंदर कौर ने कहा कि आज सदन में जो घटना हुई, वह बहुत ही शर्मनाक है। राजा इकबाल सिंह को मेयर बनाया गया है, वे एक सम्मानित व्यक्ति हैं। उनका दायित्व सबको सम्मान देना है और महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा सम्मान देना है। सदन में सबसे ज्यादा महिला पार्षद हैं, अगर मेयर उन्हें भेड़-बकरी कहेंगे तो यह बहुत ही गलत है। इसके लिए सभी महिलाएं इसका विरोध करती हैं और प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने मेयर राजा इकबाल सिंह से मांग की कि वे सभी महिला पार्षदों से माफी मांगें। यदि वे माफी नहीं मांगते हैं, तो पार्टी इसका कड़ा से कड़ा विरोध करेगी।