
उत्तराखण्ड में हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान सिख श्रद्धालुओं के साथ कथित पुलिस की ज्यादतियों एवं उत्पीड़न के मद्देनजर शिरोमणि अकाली दल के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष परमजीत सिंह सरना ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को लिखे पत्र में कि कर्णप्रयाग क्षेत्र में हुई हालिया घटनाओं के बाद सिख श्रद्धालुओं के साथ पुलिस द्वारा कथित रूप से की जा रही ज्यादतियों, अपमानजनक व्यवहार तथा पक्षपातपूर्ण रवैये से संबंधित सामने आ रही रिपोर्टें एवं वीडियो का हवाला देते हुए कुछ सिख युवकों पर निष्पक्ष एवं न्यायोचित जांच के बिना गंभीर धाराएँ लगाये जाने और हिरासत के दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार की स्वतंत्र रूप से जाँच किये जाने की माँग की है ।
साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी सिख श्रद्धालु को उसकी धार्मिक पहचान के आधार पर उत्पीड़न, अपमान अथवा भेदभाव का सामना न करना पड़े। कानून-प्रवर्तन एजेंसियों को सिख धर्म के पवित्र ककारों के धार्मिक महत्व के संबंध में उपयुक्त दिशा-निर्देश जारी किए जाएँ। साथ ही हेमकुंड साहिब यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक समर्पित शिकायत निवारण तंत्र स्थापित किया जाए और श्री हेमकुंड साहिब के प्रबंधकों एवं सिख प्रतिनिधि संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सुचारु आवागमन सुनिश्चित किया जाए।
शिरोमणि अकाली दल के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष का मानना है कि उत्तराखंड, जो करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है, ऐसी भूमि बना रहना चाहिए जहाँ प्रत्येक धर्म के श्रद्धालु स्वयं को सुरक्षित और सम्मानित महसूस करें।