
दिल्ली: कंस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित इंडिया गठबंधन की बैठक में विभिन्न घटकों द्वारा आपसी रजामंदी से लिए गए निर्णय कुछ इस प्रकार हैं -विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), मतदाता सूची में हेरफेर तथा चुनावों की निष्पक्षता पर उठे गंभीर प्रश्नों के संबंध में भारत के माननीय मुख्य न्यायाधीश को एक पत्र भेजा जाएगा। यह पत्र शीघ्र ही उन्हें सौंपा जाएगा। लाखों विद्यार्थियों को प्रभावित करने वाले अनेक गंभीर मुद्दों की स्थिति को देखते हुए, यह सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शिक्षा मंत्री के तत्काल इस्तीफे की मांग की जाए, क्योंकि उनके कार्यकाल में एनईईटी और सीबीएसई परीक्षाओं में शामिल लाखों युवाओं के साथ विश्वासघात हुआ है।
वर्तमान गंभीर आर्थिक स्थिति, बढ़ती बेरोज़गारी, महंगाई, किसानों तथा जनसरोकारों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए केंद्र सरकार को तत्काल सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए। जनबंधन के सभी दल प्रत्येक दो माह में बैठक करेंगे। अगली बैठक अगस्त माह में हैदराबाद में आयोजित की जाएगी।मानसून सत्र के दौरान संसदीय समन्वय जारी रहेगा और प्रतिदिन प्रातःकाल माननीय नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यालय में समन्वय बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक में कांग्रेस से राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी से अखलेश यादव, तृणमूल कांग्रेस से ममता बैनर्जी, एनएसीपी (एससी) से सुप्रिया शूले, आरजेडी से तेजस्वी यादव, जेकेएनसी ओमर अब्दुल्लाह, सीपीआई से डी राजा सहित घटक दलों के वरिष्ठ चेहरे दिखाई दिए । शिव सेना (यूबीटी) से उद्दव ठाकरे, आदित्य ठाकरे एवं संजय राउत ने ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करवाई।