कोंडली के निवासी मयूर विहार फेस दो के डीजेबी ऑफिस पर मटका लेकर पहुंचे
.jpeg)
दिल्ली: पानी की किल्लत को लेकर आम आदमी पार्टी का मटका फोड़ प्रदर्शन जारी है। इस कड़ी में शुक्रवार को कोंडली से विधायक कुलदीप कुमार के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने मयूर विहार फेस दो स्थित दिल्ली जल बोर्ड कार्यालय के बाहर जोरदार मटका फोड़ प्रदर्शन किया। लोगों ने ‘भाजपा सरकार निकम्मी है, दिल्ली को पानी दो’ समेत तमाम नारे लगाकर सोई सरकार को जगाने का प्रयास किया और मटका फोड़कर अपना विरोध जताया। इस दौरान कुलदीप कुमार ने कहा कि चार इंजन की भाजपा सरकार दिल्ली को एक इंजन के बराबर भी पानी नहीं दे पा रही है। भीषण गर्मी में मुख्यमंत्री और मंत्री एसी कमरों में बैठे हैं और जनता बूंद-बूंद पानी को तरस रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कोंडली के लोगों के साथ मंत्री प्रवेश वर्मा के घर का घेराव करेंगे।कोंडली विधानसभा के लोगों के साथ फेज-2 स्थित जल बोर्ड के ऑफिस पर प्रदर्शन कर विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि दिल्ली में भाजपा की निकम्मी चार इंजन वाली सरकार है। यह सरकार लोगों को इतना पानी भी नहीं दे रही है कि एक मटका भर पाए, लोग एक-एक बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। इतनी कड़ी गर्मी के अंदर मुख्यमंत्री और मंत्री एसी कमरों में बैठे हैं। उन्होंने पानी की किल्लत को लेकर एक भी जगह का दौरा नहीं किया, जबकि हम यहां लोगों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। दिल्ली में पानी का हाहाकार मचा है और मेरी खुद की विधानसभा के लोग पानी-पानी कर रहे हैं।
कुलदीप कुमार ने कहा कि हमारी मुख्यमंत्री से एक ही मांग है कि जहां-जहां पानी की किल्लत है, वे वहां का दौरा करें और इस समस्या को दूर करें। यूजीआर में पानी नहीं है। भाजपा ने चुनाव में डबल इंजन की बात की थी, अब तो चारों इंजन उनके पास हैं। अमीर लोग तो खरीदकर पानी पी लेंगे, लेकिन गरीब आदमी कहां से पानी पिएगा? भाजपा ने दिल्ली वालों से वादा किया था कि वे डबल पानी लाकर देंगे, लेकिन डबल तो छोड़िए, जो पानी केजरीवाल सरकार में दिल्ली को मिल रहा था, वह भी इस सरकार के पास नहीं है। आज दिल्ली में पानी का हाहाकार है तो ये प्रदूषण की बात कर रहे हैं। कल जब प्रदूषण पर हाहाकार होगा तो ये पानी की बात करेंगे। इन्होंने झूठ बोलकर वोट लेने का काम किया था। प्रधानमंत्री ने पानी की किल्लत पर रिपोर्ट मांगी थी, जिस पर मुख्यमंत्री ने पीएमओ को झूठी रिपोर्ट दी है कि दिल्ली में केवल 10 फीसद जगहों पर पानी की किल्लत है। मुख्यमंत्री वह रिपोर्ट हमें दिखाएं, हम बताएंगे कि दिल्ली की 40 फीसद आबादी में पानी को लेकर हाहाकार मचा हुआ है और यह निकम्मी सरकार कुछ नहीं कर रही है। प्रधानमंत्री अपने मंत्रियों से कहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा पानी पियो, मंत्री तो पानी पी लेंगे, लेकिन आम जनता कहां से पानी पिएगी?
स्थानीय विधायक ने कहा कि आज एक विधायक को जल बोर्ड के अधिकारियों से मिलने के लिए पुलिस की बैरिकेडिंग और पैरामिलिट्री फोर्स को पार करना पड़ रहा है। इन्होंने लोकतंत्र का मजाक बना दिया है। इनके निकम्मे अफसर और मंत्री बाहर आकर जनता को जवाब क्यों नहीं देते कि पानी कब मिलेगा? ये जवाब नहीं देंगे क्योंकि यह सरकार केवल रील बनाने में व्यस्त है। प्रदर्शन में शामिल लोग जल बोर्ड की ऑफिस में मटका अपने साथ लेकर गए थे और उहोंने उन मटकों को भरने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने ऐसा नहीं होने दिया। इसके बाद वहीं सारे मटके फोड़कर वापस घर लौट आए।
05:19 pm 29/05/2026