खुदरा महँगाई ने मौजूदा CPI श्रृंखला में पहली बार RBI की 6% की ऊपरी सीमा की पार

दिल्ली: अक्टूबर में खुदरा महँगाई 6.09% और खाद्य महँगाई 8.94% पर पहुँच गई। खुदरा महँगाई ने मौजूदा CPI श्रृंखला में पहली बार RBI की 6% की ऊपरी सीमा पार की है। घरेलू उपकरणों के साथ रोज़मर्रा की वस्तुओं तक की लगातार बढ़ती क़ीमतों ने देश के 61% परिवारों का मासिक खर्च पहले के मुक़ाबले 20% से अधिक बढ़ा दिया है। यही नहीं, थोक महँगाई भी बढ़कर 12.29% हो गई है, जो 2022-23 आधार वर्ष वाली नई WPI श्रृंखला में अब तक का उच्चतम स्तर है। यानी महँगाई का दबाव अब केवल उपभोक्ताओं की जेब तक सीमित नहीं, बल्कि उत्पादन और कारोबार की लागत पर भी पड़ रहा है।
और अभी तो पूरी पिक्चर बाकी है! याद रहे कि अक्टूबर में ही RBI ने रेपो रेट 0.25% बढ़ाकर 5.50% कर दिया था। इसके बाद कई बैंकों ने होम लोन समेत दूसरे कर्ज़ों की ब्याज दरें बढ़ा दीं। अब दिसंबर में RBI की एक और बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है। यानी महँगाई की मार के साथ-साथ आम आदमी को बढ़ती EMI का बोझ भी उठाना पड़ सकता है। एक तरफ़ आमदनी पर दबाव है, दूसरी तरफ़ खर्च और कर्ज़ दोनों महँगे होते जा रहे हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव डॉ जयराम रमेश जो कि कांग्रेस शासनकाल में केंद्रीय मंत्री रहे हैं ने मोदी सरकार से श्वेत पत्र जारी करने एवं आसमान छूती कीमतों पर काबू पाने तथा आम परिवारों को राहत देने के लिए सरकार द्वारा ठोस कदम उठाये जाने की माँग की है ।
उनका कहना है कि रसोई का बजट बिगड़ रहा है, रोज़मर्रा का सामान लगातार महँगा हो रहा है और अब मोबाइल, टीवी से लेकर बिस्किट-नमक तक की कीमतें बढ़ने की खबरें हैं। दूध के दाम भी बढ़ चुके हैं और घी-तेल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। कहीं दाम बढ़ रहे हैं, तो कहीं पैकेट का वज़न घटाकर ग्राहकों को कम सामान दिया जा रहा है। ऐसे में आम आदमी को हर तरफ़ से महँगाई की मार झेलनी पड़ रही है।
04:59 pm 18/11/2026