डिप्टी चेयरमैन और नेता सदन ने अपने ही कार्यकर्ताओं का काम करने से साफ मना कर दिया:प्रवीण कुमार
.jpeg)
दिल्ली: भाजपा की चार इंजन की सरकार की नाकामी से सिर्फ आम जनता ही दुखी और नाराज नहीं है, बल्कि भाजपा के कार्यकर्ता भी खासे नाराज हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं की नाराजगी सामने भी आने लगी है। बीते 18 मार्च को रोहिणी जोन में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपनी ही पार्टी के एमसीडी में नेता सदन और डिप्टी चेयरमैन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपा कार्यकर्ता इसलिए नाराज हो गए, क्योंकि रोहिणी जोन के डिप्टी चेयरमैन ने वार्ड के अंदर फैले कूड़े की समस्या सुनने से इन्कार कर दिया। इस बात से कार्यकर्ता बेहद आहत हुए और नारे लगाने लगे। शनिवार को आम आदमी पार्टी के एमसीडी में सह प्रभारी प्रवीण कुमार ने प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा अपने ही नेता के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने की वीडियो दिखाते हुए ये बातें कहीं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार से इस समय पूरी दिल्ली परेशान है। चार इंजन की सरकार दिल्ली को पूरी तरह से तहस-नहस करने में लगी हुई है। आम जनता के साथ-साथ अब भाजपा के कार्यकर्ता भी बेहतर की उम्मीद छोड़ चुके हैं। इन कार्यकर्ताओं ने बड़ी मेहनत करके भाजपा की सरकार बनाई थी। अब ये भी अपनी सरकार से परेशान हो चुके हैं। उन्होंने रोहिणी जोन कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ता की अपने ही नेता के खिलाफ नारेबाजी करने की एक वीडियो दिखाते हुए कहा कि यह कार्यकर्ता एमसीडी में नेता सदन और रोहिणी जोन के डिप्टी चेयरमैन नरेंद्र सोलंकी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ये कार्यकर्ता अपने किसी काम को लेकर रोहिणी जोन के दफ्तर पहुंचे थे। रोहिणी जोन के चेयरमैन अमित जैन भी बैठते हैं। रोहिणी जोन में आम आदमी पार्टी का चेयरमैन है, जबकि डिप्टी चेयरमैन भाजपा से हैं। डिप्टी चेयरमैन और नेता सदन ने अपने ही कार्यकर्ताओं का काम करने से साफ मना कर दिया। इसी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारियों ने नारेबाजी की। भाजपा के पदाधिकारियों में विधायक प्रतिनिधि सुभाष कटवाल, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ से हेमंत सिंघल, महिला मोर्चा से रजनी और युवा मोर्चा से विनोद शेखावत मौजूद हैं। ये लोग काम नहीं होने से नाराज होकर अपने नेताओं के विरोध में नारेबाजी की।
इस समय पूरी दिल्ली भगवान भरोसे चल रही है। भाजपा ने दिल्ली को पूरी तरह से तहस नहस कर दिया है। हम भाजपा के कार्यकर्ताओं के साथ सहानुभूति रखते हैं और उनका जो भी काम था, वह तत्काल प्रभाव से होना चाहिए। हमारे चेयरमैन और हमारे पार्षद प्रदीप मित्तल उनका जो भी काम है, उसे पूरा कराएंगे। आम आदमी पार्टी विपक्ष में रहकर भी भाजपा को यह सिखाएगी कि लोगों के काम कैसे किए जाते हैं। एमसीडी सह-प्रभारी प्रीति डोगरा ने कहा कि अब भाजपा के कार्यकर्ता और पदाधिकारी उनके खिलाफ खड़े हो गए हैं। भाजपा कार्यकर्ता का ही काम नहीं हो पा रहा है, तो वे दिल्ली की जनता का क्या काम करेंगे? ये लोग सिर्फ झूठ बोलकर, फर्जीवाड़ा और बड़े बड़े वादे करके सत्ता में आकर बैठ गए हैं, लेकिन दिल्ली चलाने में पूरी तरह से विफल हैं। भाजपा कार्यकर्ता ही सवाल पूछ रहे हैं कि उनके काम क्यों नहीं हो रहे हैं? इस पर नेता सदन जाकर छुप गए हैं और उन्होंने अभी तक किसी को कोई जवाब नहीं दिया है। क्या यही भाजपा की रणनीति है और क्या वे इसी तरह से पांच साल तक दिल्ली की सरकार चलाएंगे? एक साल में भाजपा ने दिल्ली की हालत बद से बदतर कर दी है। तो आने वाले चार वर्षों में क्या होने वाला है?
उन्होंने कहा कि आज हर आदमी भाजपा से परेशान है। एमसीडी, केंद्र और दिल्ली समेत हर जगह इनकी चार इंजन की सरकार है, लेकिन यह पूरी तरह से विफल हो चुकी है। मैं दिल्ली की मुख्यमंत्री से पूछना चाहती हूं कि क्या सिर्फ झूठे वादे करके सत्ता हथियाना ही उनका काम था? वे दिल्ली की जनता को क्यों नहीं समझ रही हैं? पालम अग्निकांड में इतना बड़ा हादसा हो गया और वह सिर्फ एक लापरवाही की वजह से हुआ। वहां मौजूद लोग खुद कह रहे हैं कि अगर फायर ब्रिगेड थोड़ा समय पर आ जाती, तो शायद दस में से एक दो लोगों की जान बचाई जा सकती थी। भाजपा की लापरवाही से दिल्ली में दिन प्रतिदिन अपराध बढ़ता जा रहा है और हम अपनों को खोते जा रहे हैं। अभी भी समय है, सुधर जाएं। यह दिल्ली की जनता है, जो सरकार बनाना जानती है तो बिगाड़ना भी जानती है।
09:25 pm 21/03/2026