सफाई कर्मचारी की आत्महत्या के गंभीर मामले में कार्रवाई से क्यूँ नहीं
.jpeg)
दिल्ली: निगम सफाई कर्मचारी दीपक की आत्महत्या से जुड़े गंभीर मामले में आम आदमी पार्टी के निगम पार्षद विजय कुमार पर लगाए गए आरोपों को लेकर दिल्ली की जनता जवाब चाहती है। भाजपा के दिल्ली प्रदेश के मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर के अनुसार कल दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा द्वारा मामले को उठाये जाने के बावजूद आम आदमी पार्टी नेतृत्व ने अब तक अपने निगम पार्षद के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की है। इससे यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर विजय कुमार को किसके संरक्षण में बचाया जा रहा है।
उनका कहना है कि एक कर्मचारी के परिवार के सामने खड़े इस गंभीर भावनात्मक एवं आर्थिक संकट के बावजूद आम आदमी पार्टी की चुप्पी अत्यंत चिंताजनक है। 19 सितम्बर को त्रिलोकपुरी के स्थानीय निगम पार्षद विजय कुमार के कार्यालय के बाहर भाजपा महिला मोर्चा की महिलाएं विरोध प्रदर्शन करेंगी और उनके इस्तीफे की मांग करेंगी। यह प्रदर्शन केवल एक पार्षद के विरुद्ध नहीं, बल्कि उस राजनीतिक चुप्पी के खिलाफ है जिसमें गंभीर आरोपों का सामना कर रहे अपने नेता को जवाबदेही से बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
यदि पार्षद विजय कुमार कल इस्तीफा नहीं देते हैं और आम आदमी पार्टी उनके विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं करती है तो 20 सितम्बर को दिल्ली भाजपा आम आदमी पार्टी के फिरोजशाह रोड़ स्थित कार्यालय के बाहर रोष प्रदर्शन करेगी। इस प्रदर्शन के माध्यम से आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से सीधे सवाल किया जाएगा कि विजय कुमार पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई और उनका इस्तीफा अब तक क्यों नहीं लिया गया ?
उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल और सौरभ भारद्वाज को दिल्ली की जनता को जवाब देना होगा कि क्या आम आदमी पार्टी अपने पार्षद विजय कुमार के साथ खड़ी है या फिर दिवंगत सफाई कर्मचारी और उसके परिवार को न्याय दिलाने के लिए निष्पक्ष कार्रवाई के पक्ष में है।
यदि "आप" को लगता है कि विजय कुमार पर लगे आरोप गंभीर हैं, तो फिर कार्रवाई में देरी क्यों ? और यदि पार्टी कार्रवाई नहीं करना चाहती, तो उसे अपना पक्ष सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करना चाहिए? आम आदमी पार्टी को यह नहीं भूलना चाहिए कि सत्ता में होना किसी भी नेता को जवाबदेही से ऊपर नहीं करता। दिल्ली भाजपा इस पूरे मामले में पीड़ित परिवार के न्याय की मांग को मजबूती से उठाती रहेगी और आम आदमी पार्टी नेतृत्व से जवाब मांगती रहेगी। विजय कुमार को अपने पद पर बने रहने का नैतिक आधार स्पष्ट करना चाहिए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए।
06:02 pm 18/09/2026