प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक दिल्ली में चलेगा सेवा संकल्प अभियान

दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता एवं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने आज एक संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में किया ऐलान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोक कल्याण सेवा के 25 वर्ष पूरे होने एवं उनके आगामी 17 सितम्बर को जन्मदिवस के उपलक्ष में दिल्ली सरकार एवं दिल्ली भाजपा संगठन ने 17 सितम्बर से 18 अक्टूबर 2026 तक "सेवा संकल्प अभियान - जनसेवा ही प्रभु सेवा" मनाने का निर्णय लिया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस का संचालन मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने किया और कहा कि आज हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सेवा समर्पण एवं उनके जन्मदिवस के उपलक्ष में एक माह के कार्यक्रमों का विवरण जारी कर रहे हैं। उन्होने कहा की प्रदेश महामंत्री योगिता सिंह इसकी संगठन की ओर से संयोजक हैं और ॠचा पांडेय, श्री मनोज कुमार, अभिषेक टंडन, सरदार राजा इकबाल सिंह, दिव्य जयसवाल, आजाद सिंह अलग अलग संसदीय क्षेत्र का सेवा कार्य देखेंगे, साथ ही विभिन्न 12 संगठनात्मक कार्यक्रमों के लिए वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को संयोजक बनाया गया है। दिल्ली सरकार की ओर से मुख्य मंत्री के मार्गदर्शन में मंत्री कपिल मिश्रा नोडल मंत्री होंगे और मंत्री प्रवेश साहिब सिंह एवं आशीष सूद अपने विभागों से जुड़े कार्यक्रम देखेंगे ।
प्रधानमंत्री मोदी ने 2001 में वाइब्रेंट गुजरात के शिल्पकार के रूप में विकास की जो नींव रखी, वही आज "विकसित भारत 2047" का संकल्प बन चुकी है। गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक मोदी जी ने "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास" को जीवन मंत्र बनाया। पिछले 11 वर्षों में उन्होंने गरीब कल्याण को केंद्र में रखकर 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला। जनधन, उज्ज्वला, आयुष्मान, पीएम आवास से अंतिम व्यक्ति को सशक्त किया। डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया से भारत को दुनिया की चौथी अर्थव्यवस्था बनाया है।
जी-20 की मेजबानी से लेकर ब्रिक्स सम्मेलन की अध्यक्षता तक श्री नरेन्द्र मोदी ने विश्व मंच पर भारत का गौरव बढ़ाया है। वह केवल राजनेता नहीं, वे "विकास पुरूष" हैं जिन्होंने राष्ट्र प्रथम की भावना से 25 वर्षों तक बिना रुके सेवा की है और आगे भी जारी रहेगी। दिल्ली भाजपा उनके इस सेवा संकल्प को "सेवा" से मनाएगी।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि इसी भाव के साथ दिल्ली भाजपा "सेवा संकल्प उत्सव" 17 सितम्बर से 18 अक्टूबर 2026" तक मनाएगी
1. 17 सितम्बर - 2 कार्यक्रम: 14 संगठनात्मक जिलों में मेगा रक्तदान शिविर जिसका लक्ष्य है 2500 यूनिट रक्त एकत्र कर स्वयं सेवी संस्थाओं के माध्यम से जरूरतमंदों की मदद।
"आशीर्वाद का दीया" - लगभग 1.28 लाख लाभार्थी घरों में दीये जगाये जायेंगे, कुल 7 लाख 80 हजार दीये जगाने का लक्ष्य जिसमे से 14000 दीये दिल्ली के 140 आईकोनिक स्थलों पर जगाये जायेंगे। सभी विधायक कार्यक्रमों में सम्मिलित होंगे
2. सेवा चित्र: मेरे सपनों का भारत (सेवा चित्र चित्रण) 17 सितम्बर से 16 अक्टूबर तक 4500 स्कूलों में 5 लाख विद्यार्थियों के बीच होगा यह कार्यक्रम।
3. "सेवा की कहानी" - प्रत्येक शक्ति केंद्र से 10 विडिओ योजना लाभार्थियों के जारी होंगे।
4. 25 सितम्बर से 7 अक्टूबर: आंगन मिलन सेवा - 4095 आंगनवाड़ी में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से संवाद एवं अभिनंदन।
5. सेवा मेरा योगदान: 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक 2500 स्थानों पर स्वच्छता अभियान। संगठन कार्यकर्ता दिल्ली सरकार के बड़े यमुना सफाई अभियान में भी भागीदारी करेंगे।
6. सेवा के रंग राष्ट्र के संग : प्रदेश, जिला एवं मंडल आईकोनिक स्थलों एवं बाजारों में रंगोली बनायेंगे।
7. सेवा ज्योति कलश यात्रा: 7 अक्टूबर को सभी 14 जिलों में सेवा ज्योति कलश यात्रा विकसित भारत का संकल्प निकाली जायेगी।
8. वडनगर से वाराणसी: 15 सितम्बर को दिल्ली से 50 कार्यकर्ताओं की टोली वाराणासी जायेगी और 29 सितम्बर को वडनगर से गुजरात के 50 कार्यकर्ताओं की टोली दिल्ली आयेगी और उसका अभिनंदन होगा।
9. नमो सेवा - अनकही कहानीयां : 18 सितम्बर से 8 अक्टूबर के मध्य 1280 स्थानों पर नमो सेवा कार्यों से जुड़े सेवा स्मरण नुक्कड नाटक होंगे।
10. सुशासन सेवा संवाद : इसमें सभी जनप्रतिनिधि भाग लेंगे।
तीन अन्य कार्यक्रम पूर्णत: सरकारी स्तर पर होंगे जिनका विवरण मुख्य मंत्री देंगी।
सेवा संकल्प अभियान 2026 का समापन यमुना सफाई अभियान से होगा जिसे दिल्ली सरकार आयोजित करेगी और हमारे कार्यकर्ता भागीदारी करेंगे।
सेवा संकल्प उत्सव का उद्देश्य बूथ स्तर तक जाकर समाज के अंतिम व्यक्ति को सेवा से जोड़ना है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री ने सोमवार को कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक दिल्ली में एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा।
05:54 pm 14/09/2026