“सिंदूर से शौर्य तक” वीर शहीदों को नमन और नारी शक्ति का होगा सम्मान

देश की राजधानी दिल्ली में देशभक्ति, शौर्य, बलिदान और नारी शक्ति को समर्पित विशेष संगीतमय कार्यक्रम “सिंदूर से शौर्य तक” का भव्य आयोजन 26 सितंबर 2026 को किया जाएगा। मुंबई स्थित आयोजन संस्था बॉली बोनांज़ा, जिसकी स्थापना प्रियंका चौहान और पंकज सैनी ने की है, इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली में राष्ट्रीय सैनिक संस्था के सहयोग से कर रही है।
इस भव्य कार्यक्रम आयोजन 26 सितंबर 2026 को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब, मावलंकर सभागार, रफी मार्ग, कनॉट प्लेस, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का निर्देशन शशिकला कौशिक द्वारा किया जा रहा है।
“सिंदूर से शौर्य तक” एक विशेष संगीतमय देशभक्ति कार्यक्रम है, जिसका मुख्य उद्देश्य मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन करना, उनकी वीरगाथाओं को जन-जन तक पहुंचाना तथा उनके परिवारों के प्रति देश की कृतज्ञता और सम्मान व्यक्त करना है। कार्यक्रम के माध्यम से नई पीढ़ी को हमारे वीर जवानों के अदम्य साहस, त्याग, समर्पण और राष्ट्रप्रेम से परिचित कराने का भी प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण “नारी उपलब्धि सम्मान” होगा। इसके अंतर्गत शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा, उद्यमिता, कला, संस्कृति, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय एवं प्रेरणादायी कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसका उद्देश्य अपने संघर्ष, प्रतिभा, मेहनत और समर्पण से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाली महिलाओं को पहचान और सम्मान प्रदान करना है।
आयोजक प्रियंका चौहान ने कहा कि “सिंदूर से शौर्य तक” केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि वीरता, बलिदान और नारी शक्ति को समर्पित एक भावनात्मक पहल है। देश के वीर जवान सीमाओं पर अपने अदम्य साहस से राष्ट्र की रक्षा करते हैं, वहीं महिलाएं समाज के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा, संघर्ष और नेतृत्व से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। इन दोनों प्रेरणादायी शक्तियों को एक मंच पर सम्मानित करना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।
आयोजक पंकज सैनी ने कहा कि कार्यक्रम में संगीत, कला और विशेष प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ उन महिलाओं का सम्मान किया जाएगा, जिन्होंने अपने कार्यों और उपलब्धियों से समाज तथा देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि वीर शहीदों की गाथाएं और महिलाओं की उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
दिल्ली:इस विशेष शाम को और यादगार बनाने के लिए मुंबई से आने वाले प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। दीपशिखा नागपाल, प्रसिद्ध हास्य कलाकार वी.आई.पी. पवार तथा लोकप्रिय गायक अरविंदर सिंह अपनी विशेष प्रस्तुतियों से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। देशभक्ति से ओत-प्रोत संगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और मनोरंजन कार्यक्रम दर्शकों को एक विशेष अनुभव प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम में अनेक विशिष्ट गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति भी रहेगी। दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। वहीं राष्ट्रीय सैनिक संस्था के अध्यक्ष एवं वीर चक्र से सम्मानित कर्नल टी. पी. त्यागी भी कार्यक्रम में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
आयोजन के दौरान वीर शहीदों के सम्मान, उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता और नारी शक्ति के योगदान को विशेष स्थान दिया जाएगा। इस अवसर पर सामाजिक क्षेत्र, उद्योग जगत, कला एवं संस्कृति से जुड़े व्यक्तित्व, समाजसेवी, कलाकार, मीडिया प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहेंगे।
“सिंदूर से शौर्य तक” के माध्यम से बॉली बोनांज़ा का प्रयास है कि देश के वीर शहीदों के बलिदान को उचित सम्मान मिले, उनकी शौर्यगाथाएं नई पीढ़ी तक पहुंचें और समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली महिलाओं को एक प्रतिष्ठित मंच पर पहचान एवं सम्मान प्राप्त हो।
आयोजकों ने सभी देशवासियों से इस विशेष देशभक्ति कार्यक्रम का हिस्सा बनने और वीर शहीदों के सम्मान, राष्ट्रप्रेम तथा नारी शक्ति के इस उत्सव में शामिल होने की अपील की है।
10:58 pm 21/09/2026