केजरीवाल एवं मान होशियारपुर आयोजित एक शाम शिव के नाम भजन संध्या में शामिल

होशियारपुर:आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और सीएम भगवंत सिंह मान बुधवार को होशियारपुर में ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ भक्ति संध्या कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उमड़ी भक्तों की भीड़ को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब सरकार ‘हमारे राम’ नाटक करा रही है, जिसकी पूरे पंजाब में तारीफ हो रही है। 4 और 5 सिंतबर को होशियारपुर में आशुतोष राणा अभिनीत ‘हमारे राम’ नाटक का आयोजन किया जाएगा। मेरी अपील है कि इस शो का अभी से अभी से मुफ्त में बुकिंग करा लें। भगवंत मान सरकार पंजाब के लोगों के लिए ‘हमारे राम’ नाटक का मुफ्त आयोजन करा रही है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अभी-अभी हम लोग 15 बसों को हरी झंडी दिखाकर आ रहे हैं। इनमें से कुछ बसें सालासर-खाटू श्याम, कुछ हरिद्वार-ऋषिकेश और कुछ मथुरा-वृंदावन जा रही हैं। पंजाब की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत अभी तक केवल दो रूट होते थे। पहले रूट पर तीर्थयात्री आनंदपुर साहिब और नैना देवी जाते थे, जबकि दूसरे रूट पर दरबार साहिब, वाल्मीकि मंदिर, दुर्ग्याणा मंदिर और वाघा बॉर्डर जाते थे। अब लोगों की डिमांड पर आज से तीन नए रूट सालासर-खाटू श्याम, मथुरा-वृंदावन और हरिद्वार-ऋषिकेश चालू कर दिए गए हैं। अगले कुछ महीनों में इन तीनों रूटों पर डेढ़ लाख यात्रियों को ले जाया जाएगा।
तीर्थ यात्रा के लिए लगाई गई ये वातानुकूलित बसें इतनी शानदार हैं कि भगवंत मान कह रहे थे कि हवाई जहाज का फर्स्ट क्लास भी इतना अच्छा नहीं होता। कुछ लोगों को लग सकता है कि वे अमीर हैं, तो उन्हें फ्री में जाने की क्या जरूरत है? लेकिन बस में अपने दोस्तों, रिश्तेदारों और मोहल्ले वालों के साथ सारे रास्ते भजन गाते और भगवान में तल्लीन होकर जाने का अनुभव जिंदगी में अलग ही आनंद देता है। इसमें अमीर-गरीब की कोई बात नहीं है, सभी को इसका अनुभव जरूर लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पंजाब के मोहाली में ‘हमारे राम’ नाम का एक बहुत ही शानदार नाटक शुरू हुआ है। जिसने भी वह नाटक देखा है, वह यही कह रहा है कि भगवान राम का ऐसा नाटक उसने आज तक नहीं देखा। होशियारपुर में भी 4 और 5 सितंबर को यह नाटक होगा। इसमें सीटें बहुत कम हैं, इसलिए लोगों को अभी से अपनी बुकिंग करा लेनी चाहिए। दूसरे राज्यों में इस नाटक की एक सीट 8,000 रुपए की होती है, लेकिन पंजाब के लोगों के लिए भगवंत मान ने इसे बिल्कुल फ्री कर दिया है।
इस दौरान सीएम भगवंत मान ने कहा कि सावन का पवित्र महीना चल रहा है और शिवजी भगवान की महिमा है। कावड़िए अपनी आस्था लेकर अपने-अपने आस्था वाले स्थानों पर जा रहे हैं। माता चिंतपूर्णी के रास्ते में लंगर लगे हुए हैं। यहां लोगों की भारी भीड़ है। लोगों को कोई लालच देकर नहीं लाया गया है और न ही कोई टिकटें बेची गई हैं, सब अपने आप आए हैं। माताएं और बहनें भी भारी संख्या में आई हैं। जिनके खाते में पैसे आने का मैसेज आ गया है, ठीक है और जिनके खाते में नहीं आया है, वे फॉर्म भर दें, उनके खाते में भी पैसे आ जाएंगे। सरकार की तरफ से फॉर्म भरवाने में देरी हो सकती है, लेकिन पैसे देने में कोई देरी नहीं होगी। एक भी मां-बहन का हक नहीं मारा जाएगा।
उन्होंने कहा कि आज पंजाब के आपसी भाईचारे का एक बहुत बड़ा सबूत मेरे सामने खड़ा है। होशियारपुर पढ़े-लिखे लोगों का शहर है और बड़े-बड़े शायर, संत, फकीर और पीर इस धरती से हुए हैं। हम जहां खड़े हैं, यह दशहरा ग्राउंड है। मैंने अरविंद केजरीवाल को बताया था कि दरिया में पानी का सैलाब तो देखा होगा, लेकिन लोगों का सैलाब पहली बार देख रहे हैं। यह शिवजी की भक्ति का सैलाब है और लोग छोटे-छोटे बच्चों को भी साथ लेकर आए हैं। इससे बड़ी कोई कमाई नहीं होती। हम खुद को बहुत किस्मत वाला समझ रहे हैं कि लोगों के लिए इस प्रोग्राम का प्रबंध किया है। बहुत गर्मी है, पंखे चल रहे हैं, लेकिन फिर भी लोग भक्ति में लीन होकर बैठे हैं। थोड़ी देर में कैलाश खेर लोगों को भक्ति के रंग में ऐसे रंगेंगे कि उन्हें पता भी नहीं चलेगा कि दाएं कौन बैठा है और बाएं कौन बैठा है।
10:32 pm 12/08/2026