.jpeg)
दिल्ली: आम आदमी पार्टी के दोहरे मानदंड़ो के विरोध एवं पंजाब में हुए अनेक परिक्षा पेपर लीक मामलों में पंजाब के शिक्षा मंत्री सरदार हरजोत सिंह बैंस की बर्खास्तगी की मांग को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में भाजपा के हजारों कार्यकर्ता आम आदमी पार्टी के कैनिंग लेन स्थित कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए दिखाई दिए । इनका कहना है कि ये आम आदमी पार्टी के दोहरे चरित्र और दोहरी राजनीति को बेनकाब करने आए हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र में जब पेपर लीक का मुद्दा आया तो "आप" ने सबसे पहले सड़क जाम की, हंगामा किया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग की। उन्होंने नैतिकता का भाषण दिया, जवाबदेही का ढिंढोरा पीटा। पंजाब टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट लीक हुआ। 12वीं का अंग्रेजी का पेपर लीक हुआ। फार्मेसी ऑफिसर और PSSSB की भर्ती का पेपर लीक हुआ। केंद्र में नैतिकता मांगने वाली "आप", पंजाब में आते ही चुप क्यों हो जाती है ? अरविंद केजरीवाल जी, आपने कहा था "पेपर लीक हुआ तो इस्तीफा ले लेंगे"। तो पंजाब के शिक्षा मंत्री का इस्तीफा कब ?
उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि यह दोहरा मापदंड क्यों ? दिल्ली में राजनीति और पंजाब में मिलीभगत ? बच्चों के साथ खिलवाड़ करने वाले मंत्री को बचाना क्या यही "कट्टर ईमानदार" पार्टी का असली चेहरा है ? प्रदर्शन में आये भाजपा के नेताओं की माँग है कि पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बेस को बर्खास्त किया जाए एवं दोषियों के ख़िलाफ़ सख़्त कार्यवाही हो । जब तक जवाबदेही सुनिश्चित नहीं हो जाती इनका संघर्ष जारी रहेगा । प्रदर्शन में योगेन्द्र चाँदोलिया, कमलजीत सहरावत, बाँसुरी स्वराज एवं स्वाति मालीवाल, प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल, योगिता सिंह एवं प्रवीण शंकर कपूर सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने शिरकत की ।