
दिल्ली: रामलीला एवं दशहरा पर्व के सफल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर श्री रामलीला महासंघ, दिल्ली की विभिन्न रामलीला कमेटियों के पदाधिकारियों तथा दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में रामलीला आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुविधा तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी (लॉ एंड ऑर्डर) देवेश श्रीवास्तव ने रामलीला महासंघ को आश्वासन दिया कि दिल्ली में आयोजित होने वाली सभी रामलीलाओं एवं दशहरा कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली की सभी रामलीला कमेटियों को दिल्ली पुलिस का पूर्ण सहयोग मिलेगा तथा श्रद्धालुओं एवं दर्शकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि रामलीला एवं दशहरा पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्रबंध किए जाएंगे, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
लव कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार जी कि श्री रामलीला महासंघ के अध्यक्ष भी हैं, ने कहा कि दिल्ली में रामलीला केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। महासंघ का प्रयास रहेगा कि सभी रामलीला कमेटियां दिल्ली पुलिस एवं प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर रामलीला एवं दशहरा पर्व को भव्य, शांतिपूर्ण और सुरक्षित रूप से संपन्न कराएं। दिल्ली में इस वर्ष श्री रामलीला मंचन समारोह 11 से 21 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान 20 अक्टूबर को दशहरा पर्व भी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया जाएगा। रामलीला एवं दशहरा पर्व के सफल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर श्री रामलीला महासंघ, दिल्ली की विभिन्न रामलीला कमेटियों के पदाधिकारियों तथा दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।