
दिल्ली: दिल्ली के हर्ष विहार में अवैध निर्माण के चलते लेंटर और छज्जा गिरने से दो लोगों की मौत बेहद दुखद और भाजपा शासित एमसीडी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। दिल्ली म्युनिसिपल कारपोरेशन में नेता प्रतिपक्ष एवं आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अंकुश नारंग ने कहा कि आखिर दिल्ली में कब तक भाजपा शासन में अवैध निर्माण और प्रशासनिक लापरवाही की कीमत आम जनता अपनी जान देकर चुकाती रहेगी? भाजपा सरकार और भाजपा शासित एमसीडी जवाब दे, इन दो मौतों की जिम्मेदारी कौन लेगा? आम आदमी पार्टी की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और अवैध निर्माण को संरक्षण देने वालों की जवाबदेही तय हो।
दिल्ली में हर महीने कोई न कोई त्रासदी होती है और हर बार मुख्यमंत्री सभी इमारतों के ऑडिट का आदेश देती हैं, जिसके बाद निरीक्षण के नाम पर मोटी रिश्वत वसूली जाती है। एमसीडी और दिल्ली पुलिस के साथ-साथ अब फायर और राजस्व विभाग ने भी होटलों, रेस्तरां, जिम, नर्सिंग होम, कोचिंग सेंटरों व अन्य व्यावसायिक इमारतों से नियमित रूप से रिश्वत वसूलना शुरू कर दिया है। जनसंघ और भाजपा का पारंपरिक व वफादार समर्थक रहा व्यापारी वर्ग आज ट्रिपल इंजन और रेखा गुप्ता सरकार के राज में हो रहे इस नैतिक पतन और खुले भ्रष्टाचार को चुपचाप देख रहा है।