दो महीने में खुले नाले में गिरने से हुई 4 मौतें

दिल्ली: नगर निगम के जगह-जगह खुले नालों में गिरने से लोगों की हो रही दु:खद मौतों पर भाजपा शासित एमसीडी को नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने आड़े हाथ लिया । कहा कि दिल्ली में भाजपा की चार इंजन सरकार की लापरवाही लगातार लोगों की जान ले रही है। एमसीडी में मेयर बदल गए, लेकिन उसका गैर-जिम्मेदार रवैया नहीं बदला। पिछले ढाई महीनों में दिल्ली में कई लोगों की मौत खुले नालों में गिरने से हो चुकी है, लेकिन भाजपा शासित एमसीडी हर बार जिम्मेदारी से भागती नजर आई। एमसीडी का खुले नालों में गिरने से हुई कई लोगों की मौतों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि रोहिणी में 30 वर्षीय युवक की मौत, बुराड़ी में 2 साल की मासूम आयशा की मौत, दिलशाद गार्डन में राहुल सिंह और रोहिणी सेक्टर-32 में बिरजू सिंह की मौत हो गई। हर घटना में भाजपा ने मामले को दबाने और पल्ला झाड़ने का काम किया। आखिर कब तक दिल्लीवासी भाजपा की लापरवाही की कीमत अपनी जान देकर चुकाते रहेंगे।
अब मानसून सिर पर है लेकिन नालों की सफाई और डिसिल्टिंग का काम ठप पड़ा है। दिल्ली को फिर जलभराव और हादसों की ओर धकेला जा रहा है। उन्होंने भाजपा की चार इंजन सरकार से मांग करते हुए कहा कि सभी पीड़ित परिवारों को एक 1-1 करोड़ रुपए का मुआवजा दिया जाए। साथ ही जल्द से जल्द दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई हो। भाजपा सत्ता के नशे में दिल्ली की जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रही है, लेकिन आम आदमी पार्टी जनता की आवाज बनकर हर लापरवाही को लगातार उजागर करती रहेगी। उधर, “आप” मुख्यालय पर प्रेस वार्ता कर प्रवीण कुमार ने कहा कि दिल्ली में भाजपा की चार इंजन वाली सरकार की लापरवाही के कारण खुले नाले में गिरने से लगातार मौतें हो रही हैं। एमसीडी में भाजपा के मेयर तो बदल गए हैं, लेकिन एमसीडी का रवैया नहीं बदला है। पिछले लगभग दो-ढाई महीने में एमसीडी के खुले नाले में गिरने से पांच-छह लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन हर बार भाजपा की एमसीडी जिम्मेदारी लेने से अपना पल्ला झाड़ लेती है।
प्रवीण कुमार ने एमसीडी के खुले नाले में गिरने से ही मौत की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि 16 फरवरी को रोहिणी में 30 साल के एक नौजवान की खुले नाले में गिरने से मौत हो गई, लेकिन भाजपा शासित एमसीडी ने अभी तक उस पर कोई संज्ञान नहीं लिया है। 3 मई को बुराड़ी में दो साल की बच्ची आयशा की खुले नाले में गिरने से मौत हो गई लेकिन एमसीडी का रवैया वही है। 31 मार्च को दिलशाद गार्डन में 33 साल के राहुल सिंह की खुले नाले में गिरने से मौत हो गई और भाजपा इस मामले को भी रफा-दफा करने की कोशिश की। 10 फरवरी को दो लोग खुले नाले में गिर गए। इसमें में रोहिणी सेक्टर-32 में दिलजू सिंह की मौत हो गई। वहां भी भाजपा ने केस को दबा दिया और एमसीडी ने पूरी तरह से अपना पल्ला झाड़ लिया। इन सारे केस में संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए और भाजपा की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। दिल्ली के लोगों की खुले नाले में गिरने से कब तक मौत होती रहेगी? भाजपा सरकार को इन सभी पीड़ित परिवारों को 50-50 लाख रुपए का मुआवजा और फाइनेंशियल असिस्टेंट देना चाहिए, क्योंकि अब इनका परिवार कैसे चलेगा? भाजपा पूरी तरह सत्ता के नशे में धुत और चूर है, इसलिए उन्हें दिल्ली की जनता की कोई परवाह नहीं है।
अभी बरसात का मौसम आ रहा है। “आप” के पूर्व पार्षद अजय शर्मा ने एक वीडियो साझा की है, जिसमें देखा जा सकता है कि नाले में इतनी ज्यादा गाद भरी पड़ी है कि बच्चे नाले के ऊपर पैदल चल रहे हैं। बरसात का मौसम आने वाला है, लेकिन भाजपा सरकार की तरफ से कोई डिसिल्टिंग नहीं की जा रही है। बरसात में दिल्ली की स्थिति दोबारा वैसी ही हो जाएगी। सड़कों पर लबालब पानी भर जाएगा, नालों से निकासी नहीं होगी और दिल्ली की जनता फिर से उसी तरह परेशान होगी।
प्रवीण कुमार ने कहा कि भाजपा की इस तरह की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिस तरह से हम समय-समय पर भाजपा को एक्सपोज करते आए हैं, आगे भी एक्सपोज करते रहेंगे। भाजपा की लापरवाही से जिन भी लोगो की मौत हुई है, सरकार उन सभी के परिवारों को मुआवजा दे, संबंधित अधिकारियों पर पूर्ण रूप से कार्रवाई करे और अपनी जिम्मेदारी ले।
01:34 pm 18/05/2026