जब एमसीडी सदन बुला ही दिया था तो जनहित के मुद्दे पर चर्चा क्यों नहीं

दिल्ली: पुष्प विहार वार्ड 166 से भाजपा पार्षद नरेश को आनन-फानन में शपथ दिलाने पर सवाल खड़ा किया है। एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि भाजपा सत्ता की लोभी है। उसने हाईकोर्ट के आदेश का इंतजार किए बिना ही अपने पार्षद को शपथ दिला दी। जबकि पहले विजयी घोषित ‘‘आप’’ पार्षद अरुण नवारिया का मामला अभी हाईकोर्ट में लंबित है। भाजपा को डर था कि कहीं 26 नवंबर को हाईकोर्ट निचली आदलत के फैसले को पलट न दे। उन्होंने कहा कि जब भाजपा ने तत्काल सदन बुला ही दिया था तो जनहित के मुद्दे पर चर्चा क्यों नहीं की? मात्र 4:30 मिनट में सदन को खत्म कर भाजपा ने जनता का लाखों रुपए क्यों बर्बाद किए?
एमसीडी के नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा ने सोमवार को सुबह 10 बजे एमसीडी का तत्काल सदन बुलाया और महज 4ः30 मिनट में ही बैठक खत्म कर दी। मीटिंग सुबह 10 बजे शुरू हुई और 10 बज कर 5 मिनट पर सदन को खत्म कर दिया गया। इस सदन के अंदर पुष्प विहार वार्ड 166 से आम आदमी पार्टी से अरुण नावरिया पार्षद चुने गए थे। उनकी जगह पर नरेश को पार्षद की गोपनीयता की शपथ दिलाई गई और भाजपा ने अपना पार्षद विजयी घोषित कर दिया। जबकि यह केस अभी भी हाईकोर्ट के अंदर है और स्टे के लिए आदेश सुरक्षित है। 26 नवंबर को कोर्ट का आदेश आ सकता है। 27 नवंबर को एमसीडी का समान्य सदन भी होने वाला है। अगर कोर्ट स्टे नहीं देता तो नरेश को उस सदन में भी शपथ दिलाई जा सकती थी। लेकिन भाजपा ने तत्काल सदन बुलाकर शपथ दिलाकर 5 मिनट में सदन खत्म कर दिया। भाजपा से सवाल है कि जनता के टैक्स के पैसे से एमसीडी का सदन बुलाया गया और महज पांच मिनट ही चला। इसमें सारे अधिकारी भी आए। इसमें खर्च हुआ पैसा जनता का था। जब 27 नवंबर को समान्य सदन था तो सरकार इस पैसे को क्यों बर्बाद किया।
उनका कहना है कि अगर भाजपा ने सदन बुलाया ही तो दिल्ली के अहम मुद्दों पर चर्चा क्यों नहीं की। जबकि दिल्ली में मलेरिया, चिकनगुनिया, डेंगू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। एक्यूआई का स्तर लगातार बढ़ रहा है। एक भी स्मॉग टॉवर काम नहीं कर रहे हैं। सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। कर्मचारियों को पक्का नहीं किया जा रहा है। इन मुद्दों पर चर्चा किए बिना ही भाजपा ने सदन खत्म कर दिया। भाजपा को सिर्फ सत्ता का लोभ है। अपने पार्षदों का नंबर बढ़ाने के लिए तत्काल सदन बुलाया। हाईकोर्ट कहीं स्टे न दे दे, इससे पहले ही भाजपा ने अपने पार्षद को शपथ दिला दी। जिन सपनों को दिखाकर दिल्ली में भाजपा ने सरकार बनाई थी, उससे इनको कोई लेना देना नहीं है।
07:17 pm 23/11/2026