संविधान केवल एक पुस्तक नहीं है, यह 140 करोड़ भारतीयों की आस्था और आकांक्षाओं का है दस्तावेज़
दिल्ली: संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करने और संविधान के मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से दिल्ली भाजपा 26 नवम्बर, बुधवार को सिविक सेंटर, नई दिल्ली में "संविधान गौरव दिवस समारोह" का भव्य आयोजन करने जा रही है। दिल्ली भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को सम्बोधित किया। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस का संचालन दिल्ली भाजपा मीडिया प्रमुख श्री प्रवीण शंकर कपूर ने मुख्य प्रवक्ता डॉ. अनिल गुप्ता एवं प्रवक्ताओं श्री शुभेन्दु शेखर अवस्थी और श्री यासिर जिलानी की उपस्थिति में किया।
प्रदेशाध्यक्ष ने बताया कि समारोह में दिल्ली के बुद्धिजीवी वर्ग को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सी.ए., अधिवक्ता, डॉक्टर, प्रोफेसर एवं अध्यापकों के साथ-साथ छात्रों की भी भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। समारोह के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह होंगे।
कार्यक्रम की मंच अध्यक्षता प्रदेशाध्यक्ष श्री हर्ष मल्होत्रा करेंगे। दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता भी दिल्ली के सभी सांसदों एवं आमंत्रित बुद्धिजीवियों की उपस्थिति में इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करेंगी।
कांग्रेस ने 1952 से ही संविधान और बाबा साहेब अम्बेडकर का अपमान किया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहेब को लोकसभा का दो बार चुनाव हरवाया। 1952 में बम्बई से और 1954 में भंडारा से उपचुनाव में कांग्रेस ने सत्ता का दुरुपयोग कर उन्हें पराजित कराया। संविधान लागू होने के बाद भी कांग्रेस सरकारों ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए संविधान में मनमर्जी के संशोधन किए। आज जो राहुल गांधी और कांग्रेस नेता संविधान की छोटी प्रति जेब में रखकर बात-बात पर संविधान की शपथ लेते हैं, ये वही कांग्रेस है, यही गांधी परिवार है जिसने डॉ. अम्बेडकर द्वारा लिखे संविधान की मूल भावना की हत्या कर दी। 1975 में इसी कांग्रेस ने देश में आपातकाल लगाकर नागरिकों के मूल अधिकारों का हनन किया था।
कांग्रेस ने प्रेस पर सेंसरशिप लगाई और लाखों लोगों को जेल में बंद कर दिया। संविधान को ताक पर रखकर लोकतंत्र का गला घोंटा गया।
आपातकाल के कुछ वर्षों बाद जब कांग्रेस फिर सत्ता में लौटी तो उसके नेतृत्व के अनेक निर्णय संविधान की मूल भावना के विरोधी थे, जैसे शाहबानो केस में न्यायालय के निर्णय को बदलना आदि। कांग्रेस की ही तरह आम आदमी पार्टी भी अराजक पार्टी है, जिसके मुख्यमंत्री रहते अरविंद केजरीवाल ने न सिर्फ राजपथ (कर्तव्य पथ) पर धरना दिया, बल्कि शराब घोटाले में गिरफ्तार होने के बाद भी बहुत दिनों तक इस्तीफा देने से इनकार किया। उन्होंने बताया कि दिल्ली भाजपा "संविधान गौरव अभियान" के तहत दिल्ली एवं देशवासियों को संविधान के प्रति जागरूक कर रही है और इस अभियान का उद्देश्य है कि हम डॉ. अम्बेडकर के सपनों के भारत का निर्माण करें - जहाँ सामाजिक समरसता हो, समानता हो और हर नागरिक को न्याय मिले। "संविधान केवल एक पुस्तक नहीं है, यह 140 करोड़ भारतीयों की आस्था और आकांक्षाओं का दस्तावेज़ है।" प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने संविधान के आदर्शों को व्यवहार में उतारा है। अनुच्छेद 370 की समाप्ति, तीन तलाक का अंत और समान नागरिक संहिता की दिशा में कदम - ये सभी संविधान की मूल भावना को सशक्त करने वाले निर्णय हैं।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 26 नवम्बर के समारोह में दिल्ली के प्रबुद्ध नागरिकों की भागीदारी विशेष महत्व रखती है। सी.ए., अधिवक्ता, डॉक्टर, प्रोफेसर, शिक्षक और छात्र मिलकर यह संदेश देंगे कि संविधान हमारे जीवन का आधार है। दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता अपने संबोधन में दिल्ली सरकार द्वारा संविधान के अनुरूप किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों को भी साझा करेंगी। दिल्ली भाजपा मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने दिल्लीवासियों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में आकर इस ऐतिहासिक "संविधान गौरव समारोह" का हिस्सा बनें और संविधान के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करें।
07:55 pm 23/11/2026