दिल्ली: पुण्यश्लोक लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर जी की 301वीं जन्म जयंती पर दिल्ली भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर केन्द्रीय राज्य मंत्री एवं दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, केन्द्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल और भाजपा ओ.बी.सी. मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री संगम लाल गुप्ता ने दिल्ली वालों की ओर से पुष्पांजलि अर्पित की। दिल्ली भाजपा ओ.बी.सी. मोर्चा के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी लोकमाता होलकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पुण्यश्लोक लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की 301वी जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि उनका जीवन भारतीय संस्कृति, जनसेवा, महिला सशक्तिकरण और सुशासन का अनुपम उदाहरण है । लोकमाता अहिल्याबाई होलकर ने ऐसे समय में शासन की बागडोर संभाली जब समाज अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा था, लेकिन उन्होंने अपनी दूरदर्शिता, न्यायप्रियता और जनकल्याणकारी नीतियों से एक आदर्श शासन व्यवस्था स्थापित की। उनका प्रशासन प्रजा के प्रति संवेदनशील, जवाबदेह और लोककल्याण के लिए समर्पित था। काशी , सोमनाथ, उज्जैन, गया सहित देश के अनेक धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण और पुनर्निर्माण में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने भारतीय सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का जो कार्य किया, वह आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।