गिप्पी ग्रेवाल की कैरी ऑन जट्टा 4

दिल्ली: बहुप्रतीक्षित पंजाबी कॉमेडी फिल्म "कैरी ऑन जट्टा 4" के प्रमोशन के लिये आए गिप्पी ग्रेवाल ने मीडिया से रूबरू होकर फ़िल्म से संबंधित अनुभवों को साँझा किया । मौके पर फिल्म के प्रमुख कलाकार गिप्पी ग्रेवाल, सरगुन मेहता, बिन्नू ढिल्लों और पुखराज भल्ला मौजूद रहे। "कैरी ऑन जट्टा" पंजाबी सिनेमा की सबसे सफल कॉमेडी फ्रेंचाइजी में से एक रही है। इसके पहले तीन भागों की सफलता के बाद अब चौथा भाग दर्शकों के सामने आने के लिए तैयार है।फिल्म के बारे में बात करते हुए गिप्पी ग्रेवाल ने बताया, “जब यह फिल्म मेरे पास आई, तो मुझे इसकी स्क्रिप्ट बहुत पसंद आई। उस समय हमारे पास ज्यादा बजट नहीं था, इसलिए मैंने अपने दोस्तों की मदद से एक टीम बनाई और खुद इस फिल्म को प्रोड्यूस किया। यह हमारे लिए सौभाग्य की बात रही कि फिल्म को दर्शकों ने इतना प्यार दिया, जिसके बाद हमने इसके दूसरे और तीसरे भाग बनाए, और अब चौथा भाग आपके सामने है।”
उन्होंने आगे कहा कि चौथे भाग के दौरान टीम को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, खासकर उस समय जब फिल्म के अहम कलाकार भल्ला साहब का निधन हो गया। “हमें लगा कि अब यह फिल्म बन पाना मुश्किल है, क्योंकि उनकी जगह कोई नहीं ले सकता। लेकिन बाद में एआई तकनीक की मदद से उन्हें फिल्म में शामिल करने का विचार आया। शुरुआत में हमें संदेह था, लेकिन जब हमारी टीम ने एक छोटा सा वीडियो बनाकर दिखाया, तो वह बेहद प्रभावशाली था। इसके बाद हमने भल्ला साहब के परिवार से अनुमति ली, और उनकी सहमति के बाद ही आगे बढ़े।”सरगुन मेहता ने कहा, “मैंने ‘कैरी ऑन जट्टा’ देखकर ही इस इंडस्ट्री में आने का सपना देखा था। आज इस फिल्म का हिस्सा बनना मेरे लिए गर्व और खुशी की बात है।”
बिन्नू ढिल्लों ने भावुक होते हुए कहा, “इस फिल्म में भल्ला साहब की बहुत याद आई। वह एक शानदार और उदार कलाकार थे। उन्होंने हमें कई यादगार पल दिए हैं। यह फिल्म पूरी तरह कॉमेडी से भरपूर है और दर्शकों को इस बार भी हंसी से लोटपोट कर देगी।”इस फिल्म के जरिए भल्ला साहब के बेटे पुखराज भल्ला भी अपने अभिनय करियर की शुरुआत कर रहे हैं, जो इस फिल्म का एक खास आकर्षण है।"कैरी ऑन जट्टा 4" 26 जून को पूरे भारत में रिलीज होने जा रही है।
10:46 am 12/06/2026